चैम्बर चुनाव: टीम मुकेश ने लगाया जोर, मारवाड़ी भवन में व्यापारियों से किया संवाद

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को टीम मुकेश ने हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में व्यापारियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर अपने पक्ष में समर्थन और वोट की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। इस दौरान टीम के सदस्यों ने व्यापारियों की समस्याओं, उनकी अपेक्षाओं और चैंबर की आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की।
मंच से संबोधित करते हुए टीम मुकेश के प्रमुख मुकेश अग्रवाल ने कहा कि इस चुनाव के साथ उनकी जिम्मेवारी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हित में जो भी जरूरी काम होगा, उसे प्राथमिकता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके अधिकारों की रक्षा करना टीम की प्राथमिकता होगी।
उन्होंने अपर बाजार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि करीब सौ वर्ष पुराने अपर बाजार को तोड़ने का आदेश दिया जाता है। इसके विरोध में सभी व्यापारी एकजुट हुए और नगर निगम की ओर से बाजार को तोड़ने की योजना को विफल किया गया। उन्होंने कहा कि यदि निगम ने जबरन कार्रवाई करने का प्रयास किया तो व्यापारी एकजुट होकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
मुकेश अग्रवाल ने व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि चुनाव में उसी प्रत्याशी को वोट दें, जो वास्तव में व्यापारियों के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि मतदान से पहले अगले सात दिनों में टीम मुकेश के प्रत्याशियों के काम, सोच और कार्ययोजना को परखें और जांचें, इसके बाद ही अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्यों ने व्यापारियों से सीधा संवाद करते हुए उनके सुझाव भी लिए और व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों को चैंबर के माध्यम से प्रमुखता से उठाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने किया।
टीम मुकेश में पौरुष जैन, निधि झुनझुनवाला, अमित किशोर अग्रवाल, सुनील गुप्ता, अमित अग्रवाल, प्रवीण लोहिया, आस्था किरण, अमित मिश्रा, अशोक प्रधान, सीए राजकुमार, डॉ. अभिषेक रामाधीन, माला कुजूर समेत अन्य प्रत्याशी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *