विधि-व्यवस्था दुरुस्त करने को खूंटी पुलिस को मिली 14 नई बोलेरो, एसपी ने दिखाई हरी झंडी

खूंटी: जिले में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए खूंटी पुलिस के बेड़े में 14 नई बोलेरो गाड़ियां शामिल की गई हैं। सोमवार को खूंटी एसपी ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग थानों के लिए रवाना किया।
नए वाहनों के मिलने से पुलिस की गश्ती व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। खासकर जिले के सुदूर ग्रामीण इलाकों, गली-मोहल्लों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस टीम पहले की तुलना में अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी।
पुलिस विभाग के अनुसार, इससे पहले भी जिले को 14 बोलेरो और 12 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। वहीं, गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही 18 और नई मोटरसाइकिलें पुलिस के बेड़े में शामिल की जाएंगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहनों की संख्या बढ़ने से नियमित गश्ती, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कार्रवाई में तेजी आएगी। नई गाड़ियों को थानों और जरूरत के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी और रिस्पांस टाइम बेहतर होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *