खूंटी में उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
खूंटी: जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई।

मुख्य समारोह कचहरी मैदान में आयोजित हुआ। यहां उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी। समारोह में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का गायन हुआ।

पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, छात्र-छात्राओं और आमजनों ने सम्मानपूर्वक इसमें सहभागिता की। इसके बाद उपायुक्त ने जिलेवासियों को संबोधित किया।
जिले में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपायुक्त आवास में सुबह 8.15 बजे, कचहरी मैदान में 9 बजे, समाहरणालय में 10 बजे, नगर पंचायत में 10.20 बजे, जिला परिषद में 10.25 बजे, एसडीपीओ कार्यालय में 10.30 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10.35 बजे और पुलिस लाइन में 11.30 बजे झंडोत्तोलन किया गया।
परेड में जिला पुलिस बल की पुरुष एवं महिला प्लाटून, सहायक पुलिस बल, डीएवी खूंटी, एसडीए मिशन विद्यालय, लोयोला उच्च विद्यालय, बिरसा कॉलेज की एनसीसी गर्ल्स, महात्मा गांधी एनडी ग्रोवर हाई स्कूल, सीएम एसओई एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय और जीईएल इमानुएल उच्च विद्यालय की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। डीएवी और लोयोला विद्यालय की बैंड पार्टियों ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
परेड में जिला पुलिस बल की महिला प्लाटून ने प्रथम, बिरसा कॉलेज एनसीसी गर्ल्स ने द्वितीय तथा सीएम एसओई एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय की एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने विजेता टुकड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
समारोह के दौरान जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों, कर्मियों, पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों, सफाई मित्रों, सेविका-सहायिका, जनसेवकों सहित अन्य कर्मियों तथा मैट्रिक-इंटरमीडिएट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने कचहरी मैदान स्थित बिरसा पार्क में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके त्याग, संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया। समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसीकेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष मसीह गुड़िया, उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे।


