ऐतिहासिक पड़ाव संघ की 114वीं कांवर यात्रा शुरू, बोल बम का जयकारा लगाते बाबा बासुकीनाथ चले
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। बाबा तुमको देना होगा – देना होगा, देना होगा। कुछ इसी विश्वास व भरोसे के साथ बुधवार को ऐतिहासिक पड़ाव संघ की 114वीं कांवर यात्रा जिले के कहलगांव स्थित उत्तरवाहिनी गंगा तट से कांवर में जल भरकर भजन – कीर्तन करते बाबा बासुकीनाथ के लिए रवाना हुए। कांवरों की झंकार, हर-हर महादेव, बोल बम के जयघोष से शहर का चप्पा – चप्पा गूंज उठा। जिस रास्ते से कांवरियों की टोली निकली लोगों ने पुष्प की वर्षा से स्वागत किया. पड़ाव संघ के अध्यक्ष अरबिंद सिंह व ट्रस्ट अध्यक्ष संतोष चौधरी ने बताया कि इस यात्रा में करीब पांच हजार कांवरिया शामिल है।आगामी 10 अगस्त को बाबा बासुकीनाथ के दरबार में जलाभिषेक करेंगे। यात्रा शुरू होने से पूर्व अहले सुबह से ही शिव भक्त राज घाट, काली घाट, चारो धाम घाट व सती घाट में गंगा जल भरे। पश्चात वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संकल्प लिए। कांवर व मां गंगा की आरती उतारी। माथे पे रोली चंदन लगाए।बुजुर्गों का आशीर्वाद लिए। कलाई में रक्षा सूत्र बांधे। किला दुर्गा स्थान से सांसद अजय मंडल, विधायक ई शुभानंद मुकेश, पीरपैंती विधायक मुरारी पासदान,भाजपा नेता पवन मिश्रा, कृष्ण साह, अरुण राम सहित दर्जनों शिव भक्त शहरवासियों ने कांवरियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामना देकर विदा किया।
यात्रा में शामिल 81 फीट का भव्य कांवर आकर्षण का केंद्र रहा।इस कांवर में सुसज्जित दस पीतल के बड़े – बड़े कलश में गंगा जल भरा है। जिसका वजन करीब पांच सौ किग्रा है। इस टीम में रवि, अमित, विक्की यादव, बादल, सत्यम, मयंक, रामप्रवेश, गोरे, चंदा, मनीष, ललन, मदन, राहुल, चंदन सहित करीब 111 शिव भक्तों की टीम शामिल है।
यात्रा की शुरुआत किला दुर्गा स्थान से प्रारंभ हुई। सुहाने मौसम में कांवरियों के आगे भव्य झांकी,भजनों की अनवरत फुहार व सुहाने मौसम संग कांवरिया झूमते – गाते आगे बढ़ रहे थे।साथ – साथ शहर से गांव तक के लोग इनकी विदाई में शामिल थे। यह भीड़ शहर के अंतिम छोर तक साथ चलते रहे। इन रास्तों पर लोग कांवरियों को कभी शरबत तो कभी पान खिला रहे थे। छोटे बच्चे पांव छू रहे थे। देर शाम यात्रा का प्रथम पड़ाव घोघा स्थित संत कुटी ब्रह्मचारी बाबा आश्रम पहुंचा। जहां घोघा निवासी सह सांसद अजय कु मंडल अपने सहयोगियों के साथ कांवरियों का भव्य स्वागत करते हुए पूरी रात सेवा में तत्पर दिखे। सांसद के भंडारे में कांवरिया सहित घोघा, कहलगांव, पीरपैंती, सन्हौला, भागलपुर, बिहपुर, गोपालपुर इलाके के सैकड़ों शिव भक्त उपस्थित थे। यहां देर रात तक भजनों की फुहार में शिव भक्त भींगते रहे।
कांवरिया घोघा, सन्हौला, धोरैया, पंजवारा, बौंसी, हसडीहा, राजा पोखर, श्याम बाजार, नोनीहाट, दर्शनीया होते हुए करीब 115 किमी की यात्रा के बाद तृतीय सोमवारी आगामी 5 अगस्त को बासुकीनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।पश्चात बम अन्यत्र पूजा-अर्चना करते हुए अपने – अपने घर लौटेंगे।
पड़ाव संघ के साथ चलने वाले कांवरियों के लिए पग-पग विशेष सेवा मुहैया कराया जाता है। दोनों प्रहर का भोजन, घुमंतू सेवा, मेडिकल सेवा, फलारी सेवा, नाश्ता, चाय, शिकंजी के साथ मेडिकल सेवा की व्यवस्था की गई है। डैमेज बम रेस्क्यू टीम। भंडारी महाराज दुलारे मंडल की टोली भोजन निर्माण में अनवरत लगे रहेंगे। सेवा दल दिन – रात कांवरियों की सेवा में तत्पर दिखेंगे।

