शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर पैतृक गांव नेमरा में आदमकद प्रतिमा का अनावरण, सीएम हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि
रांची: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता, झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म भूषण से सम्मानित स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को उनके पैतृक गांव नेमरा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुजी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही पाकुड़ और चाईबासा में भी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया।
प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री सहित सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शिबू सोरेन को नमन किया। समारोह में गुरुजी की पत्नी रूपी सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, झामुमो विधायक अमित महतो, रामगढ़ विधायक ममता देवी सहित राज्य सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगभग पांच करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का पूरा जीवन जल, जंगल, जमीन और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि गुरुजी के विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे तथा राज्य सरकार उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में मौजूद मंत्रियों और नेताओं ने भी शिबू सोरेन के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में गुरुजी की भूमिका हमेशा इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज रहेगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रामगढ़ तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और सम्मान का माहौल बना रहा तथा लोगों ने पुष्प अर्पित कर दिशोम गुरु को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

