भाजपा ग्रामीण मंडल की संगठनात्मक बैठक, SIR और बूथ समितियों को लेकर बनी रणनीति
खूंटी: भाजपा ग्रामीण मंडल की संगठनात्मक बैठक जिला कार्यालय में मंडल अध्यक्ष रुकमिला सारू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी सुनीता सिंह उपस्थित रहीं। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, SIR और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सुनीता सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का एक चरण पूरा हो चुका है। चुनाव आयोग की ओर से पांच अगस्त को मतदाता सूची जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज करा सकता है। उन्होंने बताया कि SIR के दौरान रांची में लगभग 70 हजार अयोग्य लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।
सुनीता सिंह ने बताया कि संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा की ओर से समरसता अभियान चलाया जा रहा है। 29 जुलाई से 20 फरवरी तक चलने वाले इस अभियान के तहत संत रविदास जी की जन्मस्थली से पवित्र मिट्टी लेकर पूरे देश में कलश वंदन किया जाएगा। इसके माध्यम से सामाजिक न्याय, मानवता, सेवा, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पवित्र मिट्टी प्रत्येक मंडल तक पहुंचाई जाएगी और स्थानीय मंदिर में विश्राम दिया जाएगा।
मंडल प्रभारी संजय साहू ने संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि मंडल के सभी पांच शक्ति केंद्रों पर चार सदस्यीय समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति सभी बूथों पर जाकर बूथ समितियों का निर्माण कराएगी। प्रत्येक बूथ पर संगठन के छह कार्यों के लिए संयोजकों का गठन भी किया जाना है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि महीने के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना जाएगा। कार्यक्रम के बाद भी बैठक आयोजित कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष रुकमिला सारू ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर जिला महामंत्री निखिल कंडुलना, महावीर राम, राजेश महतो, केशव राम, बासमती देवी, दिनेश महतो, अमित कश्यप, उमेश मांझी, जीतन स्वांसी, सुषमा देवी, अनिल महतो, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


