नीट विवाद पर झामुमो का प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, केंद्र सरकार का पुतला दहन

रांची: नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं, सीबीएसई मूल्यांकन में गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची महानगर ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अल्बर्ट एक्का चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

झामुमो के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व रांची जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने किया। प्रदर्शन से पहले झामुमो के नेता, कार्यकर्ता और छात्र मोर्चा के सदस्य जिला स्कूल परिसर में एकत्र हुए। वहां से केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे, जहां पुतला दहन किया गया।

इस अवसर पर मुस्ताक आलम ने कहा कि देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र और युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, NEET-2026 में कथित गड़बड़ियों, सीबीएसई मार्किंग में अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलनरत छात्रों के साथ लाठीचार्ज और बर्बर व्यवहार किया गया, जिसके विरोध में झामुमो ने यह प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि झामुमो केंद्र सरकार से मांग करता है कि नीट परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

प्रदर्शन में केंद्रीय सदस्य सह जिला संयोजक मंडली सदस्य अश्विनी शर्मा, समनूर मंसूरी, डॉ. हेमलाल मेहता, धर्मेंद्र सिंह, सोनू मुंडा, रामशरण तिर्की, कमलेश सहित झामुमो के कई पदाधिकारी, छात्र मोर्चा के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *