नामकुम पुलिस ने ब्राउन शुगर गिरोह का किया भंडाफोड़, 6 तस्कर गिरफ्तार, ब्राउन शुगर और नकदी बरामद
रांची। पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के छह तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 7.47 ग्राम ब्राउन शुगर, 6 स्मार्टफोन और कुल 7,470 रुपये नकद बरामद किए हैं. पुलिस को जानकारी मिली थी कि नामकुम में ब्राउन शुगर की तस्करी हो रही है. इसके बाद एक छापेमारी दल का गठन किया गया था. पुलिस को सूचना थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित अंजुमन इस्लामिया के एक अर्धनिर्मित भवन के पीछे कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. पुलिस ने खदेड़कर छह तस्करों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर की पुड़िया, नकद राशि और मोबाइल फोन बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज अंसारी, अली खान, अरबाज, फैजान रजा उर्फ सोनू, सोयेब खान और सेराजुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है.


