SIR प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर बन्धु तिर्की का खूंटी दौरा, घर-घर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश

खूंटी: जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया की समीक्षा को लेकर पूर्व मंत्री बन्धु तिर्की ने जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा के साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा किया। इस दौरान कर्रा प्रखंड के कच्चाबारी, तोरपा प्रखंड के अम्मा तथा रनिया प्रखंड के खटगा में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें संबंधित प्रखंडों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठकों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बन्धु तिर्की ने कहा कि SIR प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने तथा जिनका नाम सूची में शामिल नहीं है, उनका नाम जुड़वाने में सक्रिय सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने सभी प्रखंड अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय की जाए और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट जिला कमिटी को उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है और SIR प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले सप्ताह तक सभी प्रखंडों में सत्यापन कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बैठक के बाद बन्धु तिर्की और जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने रनिया से लौटते समय रास्ते में रुक-रुककर आम लोगों से मुलाकात की और उनसे SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की जानकारी ली।

इस अवसर पर जिला प्रभारी चैतू उरांव, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष विलसन तोपनो, प्रदेश महासचिव प्रनीत तोपनो, कुणाल कमल कच्छप, संजय यादव, सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग, जिला महासचिव ऋतुराज झा, अल्बर्ट तिग्गा, जोन कंडुलना, अजय गुप्ता, रामसिंह राम, तुलसी राम, सुचित सांगा, ऐलेक्सियूस परिधिया, बेर्नाड किस्पोट्टा, हबिल सांगा, विनिता धान, अजित माड़की, तुरतन होरो, अनमोल होरो सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *