पीसीआर वैन के सामने नगड़ी के राधे कृष्ण ज्वेलर्स में 12–15 लाख की लूट, बाइक सवार दो बदमाश फरार

रांची: राजधानी रांची के नगड़ी स्थित राधे कृष्ण ज्वेलर्स में रविवार सुबह बेखौफ अपराधियों ने पुलिस पीसीआर वैन के सामने ही लाखों रुपये के सोना-चांदी की लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक पर सवार दो बदमाश वारदात के बाद रांची की ओर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय दुकानदारों में भारी आक्रोश देखा गया।
दुकान संचालक अजीत कुमार सोनी ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे थे। दुकान के बाहर बाइक खड़ी कर शटर खोल रहे थे, तभी करीब 30-32 वर्ष की उम्र के दो युवक उनकी बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखे पांच किलो चांदी, 25 ग्राम सोना और कुछ नकदी लेकर फरार हो गए। उनके अनुसार लूटे गए सामान की कीमत लगभग 12 से 15 लाख रुपये है।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। दुकान के समीप पुलिस की पीसीआर वैन भी खड़ी थी, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिल सकी। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2021 में भी उन पर अपराधियों ने हमला किया था और गोली चलाकर उनकी हत्या की कोशिश की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ज्वेलरी व्यवसायी मौके पर जुट गए और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले भी क्षेत्र में चोरी की घटना हुई थी, जिसके बाद भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई।
अखिल भारतीय स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष गोपाल सोनी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले गोड्डा में ज्वेलरी दुकान में लूट हुई थी और अब राजधानी रांची के नगड़ी में दिनदहाड़े इस वारदात ने व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्वर्ण व्यवसायियों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *