जेपीएससी पीटी परिणाम पर आजसू ने उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग

रांची: चौदहवीं जेपीएससी पीटी परीक्षा के परिणाम को लेकर आजसू पार्टी ने झारखंड लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक एवं केंद्रीय महासचिव लंबोदर महतो और महासचिव संजय मेहता ने परिणाम की पारदर्शिता पर प्रश्न उठाते हुए कोटिवार कटऑफ जारी करने, परिणाम की वैधानिकता स्पष्ट करने तथा पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

आजसू नेताओं ने कहा कि 50 अनारक्षित पदों के लिए पीटी में सफल घोषित 1122 अभ्यर्थियों में 418 हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं। आयोग इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करे। पार्टी ने एसटी, एससी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस सहित सभी वर्गों का कटऑफ और उत्तर कुंजी सार्वजनिक करने की भी मांग की, ताकि अभ्यर्थी अपने परिणाम का मिलान कर सकें।

पार्टी ने सोशल मीडिया पर वायरल ओएमआर शीट, 832 अभ्यर्थियों के क्रमवार परिणाम में शामिल नहीं होने और आयोग के सदस्यों की कथित असहमति जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठाए। आजसू ने मांग की कि जब तक सभी विवादों पर आयोग स्पष्टीकरण नहीं देता, तब तक मेन्स परीक्षा स्थगित रखी जाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान नहीं हुआ तो इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *