गोला में बजरंग दल ने 11 टन संदिग्ध मांस-चमड़ा लदा ट्रक पकड़ा, कार्रवाई की मांग
गोला (रामगढ़)। शनिवार देर रात गोला थाना के समीप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने लगभग 11 टन संदिग्ध मांस एवं चमड़ा लदे ट्रक (WB-19L-8183) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार्यकर्ताओं का दावा है कि ट्रक के साथ चल रही एक स्विफ्ट डिजायर कार मौके से फरार हो गई।
रविवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गोला थाना पहुंचे और मवेशियों की कथित तस्करी व अवैध पशु वध में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से यह अवैध कारोबार जारी है, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कार्रवाई की मांग को लेकर थाना पहुंचने पर उन्हें परिसर से बाहर कर दिया गया। इसके बाद सभी थाना गेट के बाहर ही डटे रहे। उनका कहना है कि जब तक पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा कर मुख्य आरोपितों पर कार्रवाई नहीं होती, थाना गेट के समीप डटे रहेंगे।
इस बीच, ट्रक से उठ रही तेज दुर्गंध से थाना परिसर और आसपास के लोग परेशान हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद संदिग्ध मांस एवं चमड़े की निष्पक्ष जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


