मुरहू सीएचसी में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ,उप प्रमुख अरुण साबू ने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील
खूंटी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहू में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य श्रीमती नेलानी देमता, उपप्रमुख श्री अरुण कुमार साबू, मुरहू पंचायत की मुखिया श्रीमती ज्योति धोधराय तथा सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष तिग्गा सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर उपप्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि पल्स पोलियो अभियान प्रत्येक बच्चे के स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी से प्रभावित न हो।
सीएचसी प्रभारी डॉ. आशुतोष तिग्गा ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक अभियान महत्वपूर्ण है। यदि हम अपने बच्चों को पोलियो जैसी बीमारी से सुरक्षित रखेंगे, तभी वे स्वस्थ, सशक्त और देश के विकास में योगदान देने वाले नागरिक बनेंगे।
जिला परिषद सदस्य श्रीमती नेलानी देमता ने कहा कि स्वस्थ समाज ही मजबूत पंचायत, प्रखंड, जिला और देश की नींव है। इसलिए सभी लोगों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए और हर बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।
मुखिया श्रीमती ज्योति धोधराय ने कहा कि यह अभियान निरंतर चलाया जा रहा है और लक्ष्य है कि पंचायत का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
उप प्रमुख ने पंचयात के लोगो से निवेदन किया है पोलियो अभियान में साथ दे


