डीसी ने जिला स्तरीय समन्वय समिति एमएमएम की बैठक कर विकास योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के दिए निर्देश

खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (विकास) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों अंतर्गत संचालित केंद्र एवं राज्य प्रायोजित विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, आपूर्ति, मत्स्य, मनरेगा, भूमि संरक्षण, खनन, समाज कल्याण, पेयजल, विद्युत एवं कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना में अधिक से अधिक लाभुकों को योजना से जोड़ने, चयन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरतने, लाभुक सत्यापन के उपरांत ही भुगतान सुनिश्चित करने तथा जियो टैगिंग नियमित रूप से करने के निर्देश दिए।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान अड़की एवं मुरहू प्रखंड में 100 एमटी क्षमता के गोदाम निर्माण हेतु भूमि चिन्हित करने के निर्देश संबंधित अंचल अधिकारियों को दिए गए। साथ ही 500 एमटी क्षमता के स्वीकृत गोदामों के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने मुरहू स्थित कोल्ड स्टोरेज का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने, जिले में लैम्प्स केंद्रों एवं गोदामों की संख्या बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत किसानों से धान अधिप्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
बैठक में मुरहू स्थित कृषक पाठशाला के संचालन एवं जिले में सनफ्लावर की खेती को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही खाद्य का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
आपूर्ति विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी राशन कार्डधारियों को नियमित एवं निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण, ससमय खाद्यान्न उठाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में प्रत्येक माह की 2 तारीख को “चावल दिवस” के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने व्यापक स्तर पर चावल दिवस आयोजित करते हुए लाभुकों के बीच खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने मोतियाबिंद ऑपरेशन की संख्या बढ़ाने तथा निर्धारित मासिक लक्ष्य हर हाल में प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति, साफ-सफाई, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा मलेरिया रोकथाम के लिए दवा छिड़काव एवं जनजागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया।
समाज कल्याण विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति एवं वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल एवं विद्युत की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने तथा जिन केंद्रों के लिए अब तक भूमि चिन्हित नहीं हुई है, उनके लिए शीघ्र भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालयों में शत-प्रतिशत शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों के बीच समय पर पोशाक एवं पाठ्यपुस्तकों का वितरण करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का निर्देश दिया।

मत्स्य विभाग की समीक्षा करते हुए वेदव्यास आवास योजना एवं प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना का लाभ अधिक से अधिक लाभुकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। तालाब बंदोबस्ती की स्थिति की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मनरेगा अंतर्गत 100 मानव दिवस सृजन, बिरसा हरित ग्राम योजना, टीसीबी, एफबी, दीदी बाड़ी योजना, बिरसा कूप संवर्धन योजना, जियो टैगिंग तथा बाबासाहेब अंबेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान सरना-मसना घेराबंदी, छात्रावास निर्माण एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
खनन विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिले में अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा नदी तटों से अवैध बालू खनन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय आवश्यक है। सभी पदाधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें तथा योजनाओं से संबंधित समस्याओं का समाधान आपसी सहयोग से सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके और जिले के समग्र विकास को गति मिल सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा, विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *