बकरीद को लेकर रांची पुलिस की बाइक रैली, भाईचारे और शांति का दिया संदेश

रांची : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रांची पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार को रांची पुलिस द्वारा शहर में बाइक रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की।
यह बाइक रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरी। रैली में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को यह संदेश दिया गया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक सौहार्द बनाए रखें।
रांची पुलिस के सिटी एसपी पारा राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गौस्वामी ने कहा कि बकरीद को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
पुलिस की इस पहल का लोगों ने स्वागत किया और कहा कि ऐसे प्रयासों से समाज में विश्वास और भाईचारे का माहौल मजबूत होता है। यह रैली रांची के फिरायालाल चौक से प्रारंभ होकर सुजाता चौक,कडरू,हिंदपीढ़ी सहित तमाम संवेदनशील इलाकों से गुजरी। बाइक रैली में आगे में सीटी एसपी,ग्रामीण एसपी, एसडीएम कुमार राजत बाइक पर सवार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *