रांची नगर निगम की बैठक में शर्मनाक हरकत का आरोप, महिला पार्षद बोलीं – “मेरे शरीर का गलत तरीके से वीडियो बनाकर किया वायरल”

रांची : रांची नगर निगम की बैठक के दौरान एक गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। एक महिला पार्षद ने अपने ही साथी पार्षद पर आपत्तिजनक तरीके से वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कराने का आरोप लगाया है। इस घटना के बाद नगर निगम की राजनीति में हड़कंप मच गया है।

महिला पार्षद ने आरोप लगाया कि सोमवार को स्वच्छता व्यवस्था को लेकर निगम की बैठक चल रही थी। सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड की समस्याओं पर बोल रहे थे। इसी दौरान जब वह अपनी बात रखने के लिए खड़ी हुईं, तब पीछे बैठे एक पार्षद ने उनके शरीर को दर्शाते हुए गलत तरीके से वीडियो बना लिया। आरोप है कि बाद में यह वीडियो एक पूर्व पार्षद को भेजा गया और फिर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

महिला पार्षद ने कहा कि मंगलवार सुबह उन्हें इस वायरल वीडियो की जानकारी मिली, जिसके बाद वह बेहद आहत और नाराज हुईं। उन्होंने कहा, “हम पार्षदों को अपने परिवार की तरह मानते हैं। मेरे साथ ऐसा होगा, इसकी कभी कल्पना भी नहीं की थी। किसी को यह अधिकार किसने दिया कि वह मेरे शरीर का इस तरह वीडियो बनाए?”

उन्होंने यह भी कहा कि इस हरकत से बैठक की गोपनीयता भी भंग हुई है। महिला पार्षद ने वार्ड-20 के पार्षद सुनील यादव पर शक जताते हुए कहा कि वही उनके पीछे बैठे थे और संभवतः उन्होंने ही वीडियो बनाकर पूर्व पार्षद उर्मिला देवी को भेजा।

महिला पार्षद ने साफ कहा कि वह बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी और दोषियों के खिलाफ एफआईआर कराएंगी। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

वहीं आरोपों पर वार्ड-20 के पार्षद सुनील यादव ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने कोई वीडियो नहीं बनाया है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता वीडियो किसने बनाया। कुछ लोग सिर्फ चर्चा कर रहे थे कि कोई वीडियो वायरल हुआ है। महिला पार्षद बेवजह मुझ पर आरोप लगा रही हैं।”

इधर, रांची की मेयर रौशनी खलखो ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि उन्हें भी इस घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा, “जिस तरह के आरोप लगाए गए हैं, वह बेहद शर्मनाक हैं। मामले की निष्पक्ष जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *