उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने जनगणना 2027 कार्यों को लेकर किया समीक्षा बैठक
खूंटी: समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया द्वारा भारत की जनगणना 2027 के तहत मुख्य रूप से स्व-गणना कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में स्व-गणना हेतु लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने जिले के स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंक, समाहरणालय, प्रखंड, अंचल कार्यालय समेत अन्य कार्यालयों एवं विभागों में कार्यरत पदाधिकारी, कर्मी, शिक्षक, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य से स्व-गणना कार्य के अंतर्गत स्व-गणना पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण कराने को कहा गया। कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत को समाहरणालय समेत अन्य स्थानों पर आवश्यकता अनुसार स्टॉल लगाकर लोगों को स्व-गणना (Self Enumeration) के लिए प्रेरित करने एवं स्व-गणना (Self Enumeration) में उनकी सहायता करने के निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 हेतु निर्धारित 33 प्रश्नों का उत्तर ऑनलाइन माध्यम से भरकर जमा किया गया। उन्होंने कहा कि भारत की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना के तहत नागरिकों को घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे जनगणना कार्य और अधिक सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगा।
जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना पोर्टल (se.census.gov.in) एक आधिकारिक वेब-आधारित सुविधा है, जिसके माध्यम से आमजन 16 भाषाओं में अपने परिवार एवं आवास से संबंधित विस्तृत जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं। स्व-गणना की यह विशेष सुविधा दिनांक 01 मई 2026 से 15 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसके उपरांत 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक स्व-गणना पोर्टल पर जाकर समयावधि के भीतर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करें तथा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से समय की बचत होगी तथा सटीक एवं सुरक्षित डाटा संकलन सुनिश्चित हो सकेगा।
इस दौरान बैठक में जिला सांख्यकी पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



