नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में हजारों महिलाएं हुई शामिल,पीएम मोदी की जमकर की तारीफ
रांची: रांची के आर्यभट्ट सभागार में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें हजारों महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और अपने अनुभवों व विचारों को साझा किया। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और समाज में उनकी बढ़ती भूमिका को रेखांकित करना था।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता रांची की मेयर रोशनी खलखो ने कहा कि आज का भारत नारी शक्ति के उत्थान का साक्षी बन रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का उदाहरण देते हुए कहा कि आज महिलाएं देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच रही हैं, जो बदलते भारत की पहचान है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे घर की सीमाओं से बाहर निकलकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
रांची विश्वविद्यालय की कुलपति सरोज शर्मा ने भी अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदम ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं और अब ग्रामसभा से लेकर लोकसभा तक उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो रही है।
इस अवसर पर सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि नारी शक्ति वंदन जैसे प्रयास महिलाओं को नई दिशा देंगे और भविष्य में वे नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देश तरक्की करता है और भारत इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने सामूहिक पदयात्रा कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिससे कार्यक्रम का समापन गरिमामय माहौल में हुआ।



