अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से ईटकी व मांडर की बदलेगी दशा-दिशा : शिल्पी नेहा तिर्कीयुवाओं को नए अवसर और रोजगार मिलने का भरोसा : बंधु तिर्की

रांची : कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की पहल से सम्पूर्ण ईटकी तथा मांडर विधानसभा क्षेत्र की दशा और दिशा में व्यापक परिवर्तन आएगा। उन्होंने ईटकी के विकास के लिए इस महत्वपूर्ण पहल पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह छोटी-सी शुरुआत आने वाले समय में झारखंड में बड़े बदलाव की आधारशिला बनेगी।

ईटकी में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन द्वारा संचालित सीबीएसई इंग्लिश मीडियम स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी का विधिवत उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में श्रीमती तिर्की ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा क्षण है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र के विकास के लिए उनके बाबा, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की द्वारा देखे गए सपनों को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि आज जिस ओपीडी की शुरुआत हुई है, वह भविष्य में 1300 बिस्तरों वाले विशाल अस्पताल का रूप लेगी, जहाँ लोगों को निःशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही प्लस-2 तक विद्यालय, मेडिकल कॉलेज एवं विश्वविद्यालय को एक ही परिसर में स्थापित करने की योजना इस क्षेत्र को नई पहचान देगी। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएँ किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला होती हैं, और इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा अब यहीं उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की ने कहा कि इस पहल से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे और उन्हें आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि ईटकी अब तक यक्ष्मा आरोग्यशाला के लिए जाना जाता था, लेकिन अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के स्कूल, विश्वविद्यालय और आधुनिक अस्पताल के स्थापित होने से ईटकी की पहचान देशभर में नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगी।

ओपीडी उद्घाटन के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में डॉ. रंजीव एवं डॉ. गीता ने लगभग सौ लोगों का बीपी, शुगर सहित अन्य जांच कर उचित परामर्श दिया तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएँ वितरित की गईं।

स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के पश्चात मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की एवं पूर्व मंत्री बंधु तिर्की अजीम प्रेमजी स्कूल पहुँचे, जहाँ उन्होंने पहले दिन स्कूल आए बच्चों से मुलाकात की और विद्यालय का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के राज्य प्रमुख राकेश तिवारी, सीओ सह बीडीओ मोहम्मद अनीस, जिप सदस्य रीना देवी, पूर्व जिप सदस्य लाल रामेश्वर नाथ शहदेव, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष रमेश महली अबूमाज़, राजन किस्पोट्टा, सुनील लकड़ा, अबरार इमाम, उरूज अंसारी, अब्बास अंसारी, अहमद अंसारी, आकाश लकड़ा, लखन, मंज़र, उप प्रमुख परवेज राजा, डॉ. सालिक जमाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *