हस्तांतरण का विरोध करने पर नौकरी से हटाए जाने पर आक्रोश, सरकार से न्याय की गुहार
Ranchi:नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर रिंगरोड स्थित अरविंद टेक्सटाइल लिमिटेड में कार्यरत युवतियों को बैंगलोर भेजने एवं नहीं जानें पर जबरजस्ती रिजाइन दिलवाकर काम से हटाए जाने का मामला प्रकाश में आया है. मामले में हटाई गई युवतियों ने मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, सांसद, विधायक, रांची उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है. युवतियों ने बताया कि ज्यादातर युवतियां रांची व आसपास के जिलों की रहने वाली है. पिछले पांच सालों से अरविंद टेक्सटाइल मिल में विभिन्न पदों पर कार्यरत हैं. यहां काम कम होने एवं दो महीने के प्रशिक्षण के लिए बैंगलोर जाने के लिए दबाव दिया जा रहा है. युवतियों के द्वारा जानें से मना करने पर सभी को जबरदस्ती रिजाइन दिलाया जा रहा है. सुनिता कुमारी ने बताया कि कंपनी के द्वारा स्थानीय आदिवासी और मूलवासी युवतियों का शोषण किया जा रहा है. उनकी इच्छा के विरुद्ध बैंगलोर भेजा जा रहा. मना करने पर हटा दिया गया. बुंडू निवासी ऑपरेटर दीपा कुमारी ने बताया कि परिवार से अनुमति नहीं मिलने पर रिजाइन दिला दिया गया. विधवा महिला ने बताया पति की मृत्यु के बाद दो बच्चों का भरण-पोषण कर रहें हैं. बैंगलोर जाने से मना किया तो हटा दिया गया. अब भरण-पोषण की समस्या उत्पन्न हो गई है. I



