चतरा में 21 दिन बाद जंगल में मिला विमान का इंजन,महुआ चुनने गई ग्रामीण महिलाओं को जंगल में दिखा विमान का क्षतिग्रस्त इंजन, पुलिस को दी सूचना
गणादेश,चतरा : एयर एंबुलेंस हादसा के 21 दिनों के बाद जंगल में विमान का इंजन मिल गया है। रविवार को महुआ चुनने जंगल गई ग्रामीण महिलाओं ने क्षतिग्रस्त विमान का इंजन देखा। उन्होंने जंगल में विमान के इंजन देखे जाने की सूचना सिमरिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिमरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और इंजन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। यह इंजन दुर्घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में मिला है। गौरतलब है कि 23 फरवरी को चतरा जिले की सिमरिया थाना क्षेत्र के कसियातु करमटांड के जंगल भरे इलाके में एयर एम्बुलेंस क्रश कर गया था। यह एयर एम्बुलेंस लातेहार जिले के बालूमाथ निवासी मरीज को रांची से दिल्ली ले जा रही थी। तभी यह सिमरिया थाना क्षेत्र में एयर एंबुलेंस क्रैश हो गई थी। जिसमें पायलट सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद विमान के इंजन समेत कुछ हिस्सों गायब थे। बिहड़ जंगलों में ड्रोन से इंजन की तलाशी ली गई थी लेकिन नहीं मिला था। घटना के 21 दिन बाद रविवार को महुआ चुन्नी गई महिलाओं को जंगल में विमान का इंजन दिखा है।
सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि इंजन को पुलिस ने सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। जांच टीम को मामले की जानकारी दी गई है। जांच टीम के आने का इंतजार किया जा रहा है।जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि इंजन मिलने से हादसे के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।



