प्रदेश भाजपा ने नव निर्वाचित निकाय जनप्रतिनिधियों को किया सम्मानित,3 महापौर, 4 नगर परिषद अध्यक्ष, 6 नगर पंचायत अध्यक्ष और 387 पार्षद हुए सम्मानित

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को रांची के चिरौंदी स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में नव निर्वाचित नगर निकाय जनप्रतिनिधियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद Aditya Sahu ने की। समारोह में रांची, मेदिनीनगर और आदित्यपुर नगर निगम के विजयी महापौर, लोहरदगा, गुमला, मिहिजाम और चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष तथा खूंटी, लातेहार, डोमचांच, जामताड़ा और महगामा नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित कुल 387 पार्षद शामिल हुए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद Arun Singh उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री Sanjay Seth, पूर्व मुख्यमंत्री Arjun Munda और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया तथा मंच से पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंच पर मौजूद नेताओं ने महिला जनप्रतिनिधियों को विशेष रूप से बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को जीत की बधाई देते हुए कहा कि वे अपने-अपने नगर निकायों में विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव भाजपा के संघर्ष और न्यायालय के दबाव का परिणाम है, अन्यथा राज्य सरकार चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणाम भाजपा के पक्ष में आए हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।

वहीं अरुण सिंह ने कहा कि निकाय चुनाव के परिणाम से स्पष्ट है कि नगरीय क्षेत्रों की जनता राज्य सरकार से नाराज है। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे सुशासन का नया मॉडल प्रस्तुत करें और विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारें। कार्यक्रम में कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *