झारखंड में ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण मिले: योगेन्द्र योगी
रांची: प्रदेश कांग्रेस भवन में रविवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर योगेन्द्र योगी ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर हरियाणा से आए वरिष्ठ कांग्रेसी राजेंद्र ठाकुर, ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिलाष साहू, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत नागवाला एवं उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गोप उपस्थित थे।
योगेन्द्र योगी ने कहा कि झारखंड में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पिछड़ी जातियों के आरक्षण में कटौती कर 14 प्रतिशत कर दिया गया, जो उनके अधिकारों के साथ अन्याय है। कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में 27 प्रतिशत आरक्षण का वादा किया था और राज्य सरकार ने विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा, लेकिन केंद्र सरकार इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने कहा कि ओबीसी के हक और अधिकार के लिए कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। संगठन को मजबूत करने के लिए कांग्रेस ओबीसी विभाग गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचेगा। कमजोर जिलों में संगठनात्मक बदलाव किए जाएंगे और सक्रिय कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी।
योगी ने मनरेगा कानून में बदलाव के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि इसके खिलाफ ओबीसी कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने राहुल गांधी के “भागीदारी न्याय” के तहत 50 प्रतिशत आरक्षण सीमा हटाने, जातीय जनगणना कराने और निजी संस्थानों में आरक्षण लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि 2029 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूत कर केंद्र में बदलाव लाना लक्ष्य है।



