झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा–2023 से चयनित पदाधिकारियों का खूंटी भ्रमण

खूंटी : झारखंड राज्य संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा–2023 के माध्यम से चयनित पदाधिकारियों का खूंटी जिले में क्षेत्र भ्रमण एवं अध्ययन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उपायुक्त आर. रॉनिटा के निर्देश पर जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा चयनित पदाधिकारियों के साथ इंटरेक्शन सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान आगंतुक अधिकारियों को खूंटी जिले में संचालित विकास योजनाओं, प्रशासनिक ढांचे और शासकीय व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। यह कार्यक्रम 11 जनवरी 2026 तक संचालित रहेगा।
एसकेआईपीए, रांची में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 88 चयनित पदाधिकारी छह समूहों में विभाजित होकर खूंटी, मुरहू, कर्रा एवं तोरपा प्रखंडों के भ्रमण पर आए हैं। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें राष्ट्रीय आजीविका मिशन (NRLM), मनरेगा तथा पंचायती राज व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी जा रही है। पंचायत स्तर पर संचालित मनरेगा एवं आवास योजनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन भी कराया जा रहा है।
सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों और किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ किस प्रकार मिल रहा है, इसकी व्यवहारिक समझ अधिकारियों को दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि खूंटी जिला ग्रामीण विकास एवं आजीविका संवर्धन के क्षेत्र में अग्रणी रहा है। कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु उपायुक्त द्वारा डॉ. शिशिर कुमार सिंह को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *