गुमला में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, बीच-बचाव में आए युवक पर जानलेवा हमला
गुमला: गुमला थाना क्षेत्र में पति-पत्नी और ससुर के बीच हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि महिला के साथ बेरहमी से मारपीट किए जाने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिवशंकर साहु ने अपनी पत्नी मिनी प्रिया के साथ लाठी-डंडे और लात-घूंसे से मारपीट की, जिससे महिला का पैर टूट गया। आरोप है कि इसी दौरान ससुर समेश्वर साहु ने मिनी प्रिया की कनपटी पर पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव में पहुंचे पत्नी के भतीजे उमेश साहु पर शिवशंकर साहु और समेश्वर साहु ने अचानक लाठी से हमला कर दिया। हमले में उमेश साहु के सिर में गंभीर चोट आई, जिसे इलाज के दौरान 12 टांके लगाने पड़े।
पीड़िता मिनी प्रिया ने आरोप लगाया है कि उसका पति अक्सर घर में हथियार रखता है और उससे लगातार रुपये-पैसे व दहेज की मांग करता रहता है। उसने यह भी आरोप लगाया कि शिवशंकर साहु नशीले पदार्थों जैसे ब्राउन शुगर, अफीम और डोडा का सेवन करता है। पीड़िता का यह भी कहना है कि उनका छह वर्षीय बेटा भी यह बताता है कि उसके पिता और दादा अक्सर हथियार लेकर घूमते हैं।
घटना के संबंध में मिनी प्रिया ने गुमला थाना में लिखित आवेदन देकर पति और ससुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।



