आईआरबी के जवान अजय यादव को गोली मारकर की गई हत्या
बोकारो – चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गायघाट में अज्ञात अपराधियों द्वारा गिरिडीह जिला में आईआरबी में कार्यरत जवान अजय यादव उर्फ़ सोनू कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी गई । बताया जा रहा है कि अजय यादव छठ पूजा मनाने के लिए छुट्टी पर अपने घर चास स्थित यदुवंश नगर आया हुआ था। इसी दौरान किसी आपसी विवाद में गोली चल गई, जो उसके पेट में जाकर लगी। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बोकारो जनरल अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुँची और जांच पड़ताल में जुट गई ।पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया है । फिलहाल गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन द्वारा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद और गोलीबारी के कारणों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर खबर लिखे जाने तक चास बाई पास रोड को जाम कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, जवान अजय यादव की मौत से परिवार में मातम छा गया है ।पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

