प्रमंडलीय आयुक्त ने खूंटी जिले का दौरा कर विभागीय अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

गणादेश,खूँटी : प्रमंडलीय आयुक्त, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल अंजनी कुमार मिश्र ने बुधवार को खूँटी जिला का दौरा किया। अपने इस दौरे में उन्होंने जिला स्तरीय पदाधिकारियों संग राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों एवं विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक किया। खूँटी जिला आगमन पर उपायुक्त आर. रॉनिटा ने पौधा भेंट कर आयुक्त का स्वागत किया, साथ ही जिला प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मौके पर उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री दीपेश कुमारी, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुण्डा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

समाहरणालय खूँटी स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्र ने राजस्व, ग्रामीण विकास, कल्याण, पंचायतीराज, भू अर्जन, आपूर्ति, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल छाजन सहित अन्य विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए दाखिल-खारिज, राजस्व संग्रहण एवं लंबित मामलों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज से जुड़े आवेदनों का निष्पादन समयबद्ध रूप से करें तथा 90 दिनों से अधिक कोई भी आवेदन लंबित न रहे। आमजनों की सुविधा हेतु पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। जिला खनन पदाधिकारी समेत अन्य विभागों को विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण के निर्देश दिए गए।

ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के क्रम में उन्होंने मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं, 100 दिन रोजगार दिवस, पीएम आवास योजना, अबुआ आवास योजना एवं अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आवास योजनाओं से जुड़े लाभुकों को क़िस्त की राशि का भुगतान ससमय किया जाए और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित किया जाए।

कल्याण एवं पंचायतीराज विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रवृत्ति योजनाओं, छात्र-छात्राओं को ससमय साईकल वितरण, पंचायत भवन का सुचारू रूप से संचालन समेत अन्य विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने सदर अस्पताल की अच्छे से साफ सफाई, चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता, मरीजो का बेहतर इलाज, स्वास्थ्य जांच हेतु सभी उपकरणों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं आपूर्ति विभाग को नियमित रूप से लाभुकों को खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा जिला भू अर्जन पदाधिकारी को विभिन्न योजनाओं को लेकर होने वाले भू अर्जन को लेकर ससमय रैयतों को मुआवजा भुगतान का निर्देश दिया गया। साथ हीं सरकारी भूमि को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए गए। अंत में प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सभी विभाग योजनाओं को धरातल पर उतारने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। योजनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ ससमय पूरा करें और आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता पर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *