राजधानी पटना में विजयादशमी को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी :आयुक्त
अनूप कुमार सिंह,पटना। राजधानी पटना में विजयादशमी को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया गया है।गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा जिला प्रशासन की तैयारी को लेकर समीक्षा की गई।उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति व युवा विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति पटना द्वारा इन महोत्सवों का आयोजन किया जा रहा है। देश-दुनिया के नामी-गिरामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने कहा कि दो संस्थाओं द्वारा महोत्सव के आयोजन में सहभागिता प्रदान की जा रही है।जिसमें दशहरा कमिटी ट्रस्ट, पटना द्वारा गाँधी मैदान में 22 सितम्बर से 03 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्पिक मैके (SPIC MACAY) द्वारा श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल, पटना में 26 से 28 सितम्बर तक दशहरा महोत्सव में गायकों द्वारा शास्त्रीय संगीत, भजन, नृत्य, बाँसुरी एवं वायलिन जुगलबंदी, मोहन वीणा इत्यादि की प्रस्तुति दी जाएगी। वहीं श्री कृष्ण स्मारक विकास समिति पटना द्वारा 25 सितम्बर को श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित दशहरा महोत्सव में राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। बैठक में आयोजन समिति के अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। संस्थाओं के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श किया गया तथा उनका सुझाव भी लिया गया। अधिकारियों को संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय स्थापित रखते हुए महोत्सव का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। उन्होंने
कहा कि दशहरा व रामलीला महोत्सव के अवसर पर उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात व सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहेंगे। इसके लिए पदाधिकारियों को निदेशित किया गया
श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट द्वारा बताया गया है कि गाँधी मैदान, पटना में रामलीला महोत्सव में 22 सितम्बर को उद्घाटन व रामलीला की शुरूआत होगी। 23 सितम्बर से प्रतिदिन संध्या 4 से 6 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन-गायन होगा।
आयुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार तेजी से सभी तैयारी की जा रही है। दंडाधिकारियों तथा पुलिस पदाधिकारियों को प्रतिनियुक्त किया जाएगा। सुरक्षा की अचूक व्यवस्था रहेगी। सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए बेहतर ट्रैफिक प्लान रहेगा।
आयुक्त ने कहा कि इन कार्यक्रम को देखने के लिए लोग काफी उत्सुक रहते हैं। बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। बुजुर्ग, युवा, महिला एवं बच्चे भी आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निदेश दिया कि दर्शकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो। पेयजल की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पर्याप्त संख्या में वाटर एटीएम एवं टैंकर के साथ-साथ भवन निर्माण विभाग द्वारा संस्थापित सभी पेयजल सुविधाओं को क्रियाशील रखें। पटना नगर निगम द्वारा नियमित साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नगर कार्यपालक पदाधिकारी को टीम तैनात करने का निदेश दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि प्रकाश की समुचित व्यवस्था रहनी चाहिए। पेसू निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश एवं निकास का मार्ग हर हाल में अवरोधमुक्त रहना चाहिए। त्रुटिरहित सुरक्षा-व्यवस्था एवं सुदृढ़ विधि-व्यवस्था संधारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से मानकों के अनुसार पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाए। महिला दर्शकों की सहायता के लिए महिला कर्मियों एवं महिला दंडाधिकारियों को भी प्रतिनियुक्त किया जाए।
आयुक्त ने कहा कि यातायात प्रबंधन हेतु समुचित व्यवस्था पुलिस अधीक्षक, यातायात द्वारा की जाएगी। वाहन पार्किंग की बेहतर व्यवस्था रहेगी। पुलिस अधीक्षक, यातायात एवं जिला परिवहन पदाधिकारी इसे सुनिश्चित करेंगे। सिविल सर्जन कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था रखेंगे। जिला अग्निशाम पदाधिकारी द्वारा आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिये अग्निशामक दस्ता की तैनाती की जाएगी।
आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को प्रदत्त निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर आयुक्त के सचिव कृष्ण स्मारक विकास समिति, उप निदेशक खाद्य, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी, क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी, राज्य कर उपायुक्त, जिला लेखा पदाधिकारी, जिला कला संस्कृति पदाधिकारी, श्रम अधीक्षक, सहायक कोषागार पदाधिकारी, संस्थाओं के प्रतिनिधिगण तथा अन्य भी उपस्थित थे।



