नन्हीं मुस्कान को मिला नया आंगन: डीएम की मौजूदगी में गोवा के दंपति ने लिया 9 माह की बालिका को गोद
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। कभी किसी ने छोड़ दिया, आज किसी ने अपना लिया। भागलपुर के विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में आश्रय पाए 9 माह की एक मासूम बालिका की जिंदगी में नई रौशनी तब आई, जब जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में हुए दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया के तहत उसे गोद ले लिया गया।
गोवा से आए दत्तक माता-पिता के चेहरे पर नन्हीं परी को पाकर जो खुशी झलक रही थी, वह शब्दों से परे थी। बाल संरक्षण की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को औपचारिक रूप से पूर्ण करते हुए जिला पदाधिकारी ने न सिर्फ माता-पिता को बधाई दी, बल्कि बालिका के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर विशेष ध्यान देने की सलाह भी दी।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, बाल संरक्षण इकाई, श्रीमती बेबी रानी भी मौजूद थीं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक गोद नहीं, बल्कि एक नई ज़िंदगी की शुरुआत है – एक ऐसा भविष्य जहां प्यार, सुरक्षा और अवसर होंगे।
इस अनोखे पल ने यह साबित कर दिया कि परित्यक्त होना अंत नहीं है, बल्कि किसी नई शुरुआत की दस्तक भी हो सकता है।



