“शिव में समाहित हुए शिबू सोरेन की तस्वीर बनाकर मधुरेंद्र ने लिखा — ‘अलविदा गुरुजी'”
भागलपुर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुःखद समाचार की जानकारी मिलते ही देशभर के लोग भावुक हो उठे। इसी कड़ी में चर्चित अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने बिहार में दो मिनट का मौन रखकर और पीपल के पत्तों पर चित्र बनाकर उन्हें अनोखी श्रद्धांजलि दी है।
सावन के पवित्र अंतिम सोमवार को, सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र ने तीन घंटे की कठिन मेहनत के बाद दुनिया के सबसे छोटे – मात्र 3 सेंटीमीटर लंबे – पीपल के पत्तों पर महादेव के रूप में शिबू सोरेन की विलीन होती तस्वीर उकेरी और उस पर लिखा – “गुड बाय गुरुजी”। उनकी यह अनूठी श्रद्धांजलि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है।
बता दें कि शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी की बीमारी और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उन्हें 19 जून 2025 को दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्हें ब्रेन स्ट्रोक आया और उनकी हालत बिगड़ गई। कुछ समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उन्होंने आज, 81 वर्ष की आयु में, अंतिम सांस ली।
उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुँची है।
गौरतलब है कि शिबू सोरेन तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे और झारखंड की राजनीति में उनका योगदान अमिट है। उन्हें ‘दिशोम गुरु’ के नाम से जाना जाता था और वे झारखंड आंदोलन के एक प्रमुख स्तंभ रहे हैं।
इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अनेक राजनीतिक हस्तियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के माध्यम से शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की है।



