कुलपति ने जनसहयोग से स्थापित होने वाले तिलकामांझी की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की

भागलपुर। अमर शहीद तिलकामांझी प्रतिमा स्थापना समिति की एक बैठक शनिवार को लालबाग स्थित कुलपति के आवासीय कार्यालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति प्रो. जवाहर लाल ने की। बैठक में कुलपति ने प्रतिमा स्थापना समिति के सदस्यों के साथ कार्यों की अद्यतन समीक्षा की। सभी कार्यों को जल्द पूरा करने को कहा गया साथ ही कार्य सम्पन्न करने का एक डेडलाइन भी दिया गया।
विदित हो की जनसहयोग से अमर शहीद तिलकामांझी की प्रतिमा स्थापना और पार्क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रपति से प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। राष्ट्रपति भवन से तिथि का अनुमोदन होने पर कार्यक्रम का आयोजन होगा। तैयारी जोर शोर से चल रही है। मिट्टी भराई का काम लगभग अंतिम चरण में है। भैरवा तालाब से फिलहाल मिट्टी लेने के लिए स्मार्ट सिटी के मैनेजर को पत्र लिखा गया है।
तिलकामांझी का आदमकद प्रतिमा भी जयपुर से बनकर विश्वविद्यालय परिसर आ चुकी है। प्रतिमा स्थापना समिति के अध्यक्ष डॉ शम्भू दयाल खेतान और महासचिव डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा ने कमिटी के सभी सदस्यों, शिक्षकों, कर्मचारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सिंडीकेट, सिनेट के सदस्यों, आम नागरिकों, व्यवसायियों और बुद्धिजीवीयों से भी प्रतिमा स्थापना के लिए सहयोग करने की अनुरोध की है। आर्थिक सहयोग करने वाले दाताओं का नाम प्रतिमा के शिलापट्ट में अंकित किया जाएगा।
इधर एनटीपीसी कहलगांव से भी वित्तीय सहयोग करने का पुनः अनुरोध किया गया। विदित हो की एनटीपीसी ने सामाजिक सरोकार के तहत निर्माण कार्य में सहयोग करने का वायदा किया था। इसके लिए एनटीपीसी कहलगांव के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
प्रतिमा अनावरण के अवसर पर एक स्मारिका का भी प्रकाशन किया जा रहा है। स्मारिका प्रकाशन कमिटी से कहा गया की 10 जुलाई तक काम पूरा कर लें। अभी तक लगभग बीस आलेख आ चुके हैं। हिन्दी और इंग्लिश के अलग अलग सेक्शन बनाये गए हैं। स्मारिका कमिटी के संपादक को निर्देशित किया गया।
बैठक में प्रतिमा स्थापना समिति के अध्यक्ष व सिंडीकेट सदस्य डॉ शम्भू दयाल खेतान, महासचिव व सिंडीकेट सदस्य डॉ मृत्युंजय सिंह गंगा, कोषाध्यक्ष डॉ गौरी शंकर डोकनिया, सज्जन कुमार किशोरपुरिया, राम गोपाल पोद्दार, कुलसचिव डॉ रामाशीष पूर्वे, पीआरओ डॉ दीपक कुमार दिनकर, डॉ रवि शंकर कुमार चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *