दिल्ली में अवैध रूप से रह रहे 66 बांग्लादेशी नागरिकों को दिल्ली पुलिस ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली : भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों को देश से निकलाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी कड़ी में दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 बांग्लादे के नागरिकों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। पुलिस के अनुसार, ये लोग परिवार समेत विभिन्न क्षेत्रों में छिपकर रह रहे थे, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार इन सभी को डिपोर्टेशन सेंटर भेजा जाएगा। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ लगातार जारी अभियान का हिस्सा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन लोगों ने भारत में अवैध तरीके से प्रवेश किया था और वे अपनी पहचान छिपाकर रह रहे थे। इस तरह के मामले देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं। पुलिस ने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को पकड़ना चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि वे अक्सर झुग्गी-झोपड़ियों में रहते हैं और अपनी पहचान छिपाने के लिए नकली दस्तावेज बनवाने की कोशिश करते हैं।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली पुलिस ने हाल के महीनों में कई बार अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई की है। मार्च 2025 में, दक्षिण दिल्ली में एक अवैध आप्रवासन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया था, जिसमें आठ बांग्लादेशी नागरिकों और उनके भारतीय सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया था। उस समय छह अन्य को डिपोर्ट कर दिया गया था, जबकि चार अन्य की जांच जारी थी।



