बिहार में औद्योगिक विकास को नई दिशा,मुख्य सचिव ने किया बिहटा में आर.के. इंडस्ट्रीज की परिधान उत्पादन इकाई का लोकार्पण

बिहटा ( पटना) बिहार सरकार की औद्योगिक नीति के अनुरूप राज्य को वस्त्र निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई। पटना जिले के बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र में आर.के. इंडस्ट्रीज की नवीन परिधान विनिर्माण इकाई का लोकार्पण मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, निदेशक, उद्योग विभाग निखिल धनराज व बियाडा के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। गौरतलब हो कि
आर.के. इंडस्ट्रीज जो वर्ष 1973 से परिधान उत्पादन व निर्यात के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित द्वारा बिहार में स्थापित की गई। यह इकाई राज्य में औद्योगिक निवेश के बढ़ते रुझान का स्पष्ट संकेत है। प्रारंभिक चरण में यह इकाई 250 अत्याधुनिक मशीनों व 100 कुशल कर्मियों के साथ कार्य आरंभ कर रही है। जिनमें लगभग 60 प्रतिशत महिलाएं हैं। आगामी 3-4 महीनों में 300 अतिरिक्त कर्मियों की नियुक्ति की योजना है।जबकि अगले 18 महीनों में इकाई का विस्तार 500 मशीनों एवं 1,200 कर्मचारियों तक किया जाएगा।विदित हो कि
यह इकाई अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप पुरुष परिधान (शर्ट) के निर्माण हेतु डिज़ाइन की गई है, तथा वैश्विक ब्रांड्स की आपूर्ति श्रृंखला में बिहार को एक प्रतिस्पर्धात्मक एवं विश्वसनीय विकल्प के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।
इस अवसर पर आर.के. इंडस्ट्रीज के निदेशक किरण अग्रवाल ने कहा कि
“हम बिहार में निवेश को लेकर अत्यंत आशान्वित हैं। राज्य सरकार के सक्रिय सहयोग से मात्र चार माह कि अवधि में इस इकाई की स्थापना संभव हो सकी। हम यहां दीर्घकालिक औद्योगिक संभावना देखते हैं। राज्य की कुशल मानव संसाधन उपलब्धता तथा प्रतिस्पर्धात्मक लागत को देखते हुए परिधान उद्योग में अग्रणी भूमिका निभाने हेतु प्रतिबद्ध हैं।”
मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने अपने संबोधन में सुझाव दिया कि कंपनी स्थानीय महिला कार्यबल को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जीविका समूहों के साथ समन्वय स्थापित करे। साथ ही उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। मुख्य सचिव ने कंपनी को बिहटा में वस्त्र निर्माण व प्रोसेसिंग इकाई की स्थापना हेतु भी प्रोत्साहित किया। जिस पर प्रतिक्रिया स्वरूप कंपनी के प्रतिनिधि अजय अग्रवाल ने भविष्य में एक परिधान धुलाई इकाई स्थापित करने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने इरेडिएशन सेंटर, सीईपीटी तथा औद्योगिक क्षेत्र की अन्य सक्रिय इकाइयों का भी निरीक्षण किया तथा स्थानीय श्रमिकों के साथ संवाद स्थापित किया। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र की प्रगति की समीक्षात्मक रिपोर्ट लेते हुए BIADA को सिकंदरपुर विस्तार हेतु विस्तृत सर्वेक्षण कर उपयुक्त प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *