गैर आंदोलनकरियों के हाथों में सत्ता का खामियाजा भुगत रहा है झारखण्ड: सूरज मंडल

गणादेश ब्यूरो
गोड्डा। पूर्व सांसद, झारखण्ड स्वशासी परिषद (जैक) के पूर्व उपाध्यक्ष एवं झारखण्ड मज़दूर मोर्चा के अध्यक्ष सूरज मंडल ने कहा है कि गैर आंदोलनकरियों के हाथों में सत्ता रहने का खामियाजा झारखण्ड को भुगतना पड़ रहा है। झारखण्ड की सबसे बड़ी और विकट समस्या यही है कि आज इस प्रदेश की सत्ता आंदोलनकरियों की बजाय गैर आंदोलनकरियों के हाथों में होने के कारण झारखण्ड वासियों का सामाजिक-आर्थिक पिछड़ेपन बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सामान्य सीटों पर एसटी नेताओं को टिकट देने से भाजपा नेतृत्व को बचना चाहिए।
मंडल ने कहा कि जिन कारणों से झारखण्ड का गठन किया गया था वो सभी बातें पीछे छूट गयी है और सरकार का ध्यान विकास की बजाय सत्ता बचाये जाने पर है। मंडल ने कहा कि पिछले दिनों जमशेदपुर में झारखण्ड आंदोलनकारियों की बैठक सफलता पूर्वक हुई , बैठक के बाद अगामी 16 अक्टूबर को रांची में सभी झारखण्ड आन्दोलनकारियों की विशेष बैठक आयोजित की गयी है। इस बैठक में आन्दोलनकारियों की मुख्य समस्याओं के साथ ही राज्य की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया जायेगा। उन्होंने कहा कि राजधानी के मोरहाबादी स्थित संगम बैंक्वेट हॉल में सुबह 11 बजे से आयोजित इस बैठक में उपस्थित होकर वे अपने विचारों को सामने रखें और एकजुटता के साथ अपने सपने के अनुरूप विकसित झारखण्ड के निर्माण के लिये सामने आयें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *