जनार्दन पासवान के नेतृत्व में मना लोजपा (रामविलास) का 26वां स्थापना दिवस, संगठन विस्तार पर हुआ मंथन
रांची : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का 26वां स्थापना दिवस शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक जनार्दन पासवान के विधानसभा आवासीय कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्म भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विधायक जनार्दन पासवान सहित पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इसके बाद केक काटकर एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन पासवान ने कहा कि झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य राज्य के प्रत्येक गांव और पंचायत तक अपनी पहुंच बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में लोजपा (रामविलास) झारखंड में एक बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरेगी। इसके लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ संगठन के विस्तार में जुटने की जरूरत है।वहीं, प्रदेश महासचिव विकास सिंह ने कहा कि पार्टी ने अपने 26 वर्षों के सफर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। संगठन की शक्ति लगातार बढ़ रही है और झारखंड में भी पार्टी का जनाधार तेजी से मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा और नीतियों से अवगत करा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रदेश महिला अध्यक्ष आशा देवी और उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन की मजबूती और विस्तार को लेकर अपने विचार रखे। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई और संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।बैठक में बूथ, पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं और आम लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। नेताओं ने एकजुट होकर पार्टी को राज्य में मजबूत बनाने का संकल्प लिया।



