24 जिलों के संवेदकों का रांची में महाजुटान, लंबित भुगतान को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी

रांची: झारखंड में विकास योजनाओं के निर्माण कार्यों में जुटे संवेदकों का सरकार के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है। काम पूरा होने के बावजूद महीनों से भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदकों के सामने आर्थिक संकट गहराने लगा है। करोड़ों रुपये की बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से निर्माण कार्यों के संचालन और नई योजनाओं को पूरा करने में भी परेशानी हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर शुक्रवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी स्थित मंगलम गार्डन में राज्य के सभी 24 जिलों के संवेदकों का महाजुटान हुआ।
संवेदक संघ के प्रदेश संयोजक राकेश चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न जिलों से पहुंचे संवेदकों ने अपनी समस्याएं रखीं। बैठक में लंबित भुगतान, निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं और सरकारी प्रक्रियाओं के कारण हो रही परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। संवेदकों ने कहा कि सरकार की ओर से जारी टेंडर के तहत निर्धारित कार्य पूरा करने के बाद भी भुगतान के लिए महीनों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। कई संवेदकों के सामने मजदूरों का भुगतान करने और निर्माण सामग्री की खरीदारी तक में मुश्किलें खड़ी हो गई हैं।
बैठक में ईंट, मोरम और बालू के चालान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। संवेदकों का कहना था कि कई बार इन सामग्रियों का चालान उपलब्ध नहीं हो पाता है, जबकि भुगतान के समय संबंधित विभागों की ओर से इसकी मांग की जाती है। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने का हवाला देकर भुगतान रोक दिया जाता है। इसके अलावा फंड की कमी का बहाना भी अधिकारियों के द्वारा किया जाता है। संवेदकों ने कहा कि एक पचास से अधिक संवेदकों का भुगतान लंबित है। यह भगतान कब होगा इसके बारे में भी कुछ ठोस जानकारी नहीं दी जाती है।
बैठक के बाद सभी संवेदकों ने एकजुटता दिखाते हुए पैदल मार्च किया। राकेश चौधरी ने कहा कि पहले प्रमंडलवार आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। इसके बाद सरकार से वार्ता के लिए समय मांगा जाएगा।

यदि सकारात्मक पहल नहीं हुई, तो मुख्यमंत्री आवास के घेराव समेत चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *