रांची के विभिन्न प्रखंडों में स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत हुए कई कार्यक्रम, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधि सम्मानित
रांची: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान रातू और लापुंग प्रखंड में आवास योजना, मनरेगा एवं पंचायती राज विभाग के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण विकास को गति देना है।
वहीं, तमाड़, लापुंग और सोनाहातू समेत जिले के विभिन्न प्रखंडों में रक्तदान शिविर लगाए गए। इन शिविरों में JSLPS के कर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। दूसरी ओर, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए चलाए गए आधार आधारित e-KYC अभियान के तहत 843 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा किया गया।
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया गया। तमाड़ के परासी पंचायत स्थित विद्यालय में मुखिया ने बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी और इसकी रोकथाम की शपथ दिलाई। वहीं, चिलदाग पंचायत में जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों की मौजूदगी में बाल विवाह मुक्त प्रभात फेरी निकाली गई।
इसके अलावा JSLPS के पलाश कार्यक्रम के तहत आजीविका संवर्धन, महिला उद्यमिता, कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए गतिविधियां आयोजित की गईं। नई चेतना 5.0 अभियान के तहत रैलियों, नुक्कड़ नाटकों और पोषण संबंधी कार्यक्रमों के माध्यम से जेंडर समानता, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। साथ ही 98 SHG Cut-off और 29 ग्राम संगठन (VO) Transaction शिविर लगाए गए। स्थापना दिवस पखवाड़े के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और वंचित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

