सोनेट बुंडू ने सीएफसी बी टीम को 261 रनों से दी करारी शिकस्त, करण कुमार मुंडा ने जड़ा शतक
खूंटी: खूंटी जिले में आयोजित अंडर-14 क्रिकेट लीग में सोनेट बुंडू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएफसी बी टीम को 261 रनों के विशाल अंतर से हरा दिया। मुकाबले में सोनेट बुंडू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 320 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
सोनेट बुंडू की ओर से करण कुमार मुंडा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 101 रनों की शतकीय पारी खेली। वहीं दीपेश महतो ने 37, नमन ने 28, प्रतीक जायसवाल ने 27 और मानस ने 23 रनों का योगदान दिया। सीएफसी बी की ओर से सैफ और अमन गुप्ता ने एक-एक विकेट हासिल किया।
321 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएफसी बी की टीम सोनेट बुंडू के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 59 रनों पर सिमट गई। टीम की ओर से सार्थक गुप्ता और शशांक मुंडा ने सर्वाधिक आठ-आठ रन बनाए।
सोनेट बुंडू की ओर से मंजीव लोहरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। वहीं विपत महतो और मानस ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार शतकीय पारी के लिए करण कुमार मुंडा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

