मानदेय वृद्धि और बकाया भुगतान की मांग को लेकर रसोइया संयोजिका संघ ने किया विधानसभा का घेराव
रांची: लंबित मांगों को लेकर विद्यालय रसोइया संयोजिका संघ की महिलाओं ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा का घेराव किया। विधानसभा की ओर बढ़ रही महिलाओं को पुलिसकर्मियों ने रास्ते में ही रोक दिया। इससे नाराज महिलाएं सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान हंगामे की स्थिति को देखते हुए सदर एसडीओ और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी महिलाओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता सफल नहीं हो सकी। इसके बाद महिलाएं फिर से नारेबाजी करने लगीं।
संघ की प्रमुख मांगों में मानदेय में वृद्धि और पिछले छह महीनों से लंबित मानदेय का भुगतान शामिल है। संघ की कोषाध्यक्ष अनीता देवी केशरी और गीता मंडल ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगें लंबित हैं, लेकिन सरकार इस पर कोई ठोस पहल नहीं कर रही है। छह महीने से मानदेय नहीं मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि हर बार सरकार की ओर से केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मांगों को पूरा करने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं होती। संघ ने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।

