खेलगांव में राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और सरकार की दूसरी वर्षगांठ समारोह का शुभारंभ
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 एवं राज्य सरकार की द्वितीय वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी रांची के खेलगांव में आयोजित तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ किया गया। समारोह के दौरान खेलगांव परिसर में विभिन्न विभागों और जिलों की ओर से आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से राज्य की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
स्टॉलों में झारखंड के स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, स्वरोजगार, आजीविका के नए अवसरों, नवाचार और रचनात्मक पहलों को विशेष रूप से जगह दी गई है। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं और जिलों में हो रहे नए प्रयोगों की जानकारी भी लोगों को दी जा रही है। इसके जरिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को सामने लाया गया है।
इस अवसर पर राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ और संजय प्रसाद यादव भी उपस्थित रहे। समारोह में झारखंड की समृद्ध लोककला, लोकसंगीत, जनजातीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने पर जोर दिया गया।
आयोजन का उद्देश्य राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ विकास और आधुनिक नवाचार को बढ़ावा देना है। तीन दिवसीय समारोह के माध्यम से राज्य की उपलब्धियों, संभावनाओं और जनभागीदारी से जुड़ी पहलों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

