एमएमडीआर पर सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच संग्राम, जमकर हुई नारेबाजी
रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को एमएमडीआर (खान एवं खनिज विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक को लेकर सदन में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जमकर संग्राम हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों के विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं, सदन के अंदर और बाहर विपक्षी विधायकों ने सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा। बीजेपी और आजसू के विधायकों ने महिला हिंसा, अवैध खनन समेत कई मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
सदन के अंदर एमएमडीआर संशोधन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक आमने-सामने आ गए। सत्तापक्ष के विधायकों ने कहा कि झारखंड में एमएमडीआर संशोधन विधेयक किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा। विधायकों का कहना था कि इस विधेयक से राज्य के खनिज संपदा और अधिकारों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। इसलिए विधानसभा में इस पर चर्चा कर विधेयक के विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा और इसे केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
वहीं, बीजेपी विधायक नीरा यादव, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह और पूर्णिमा साहू ने विधेयक का समर्थन करते हुए कहा कि इसे राज्य में अवैध खनन पर रोक लगाने के उद्देश्य से लाया गया है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि झारखंड में कोयले की लूट हो रही है और अवैध खनन के जरिए कुछ लोग अपनी जेब भर रहे हैं। सरकार को राज्य के विकास और खनिज संपदा की सुरक्षा से कोई लेना-देना नहीं है।
इधर, जेएलकेएम विधायक जयराम महतो ने कहा कि एमएमडीआर के मुद्दे पर वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं, लेकिन राज्य में अवैध खनन पर भी प्रभावी ढंग से लगाम लगाने की जरूरत है।
सत्तापक्ष की ओर से झामुमो विधायक रणसूर्या मुंडा, सुदीप गुड़िया और कांग्रेस विधायक राजेश कच्छप, सुरेश बैठा समेत अन्य विधायकों ने कहा कि खान एवं खनिज संशोधन विधेयक झारखंड के विकास में बाधा बनेगा। इसलिए सदन से इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।

