बिरसा मेडिकल कॉलेज में प्रथम कैडेवर शपथ समारोह आयोजित
खूंटी : बिरसा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च जियारप्पा में नवप्रवेशी एमबीबीएस विद्यार्थियों के लिए प्रथम कैडेवर शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के नए एमबीबीएस विद्यार्थियों ने मानव शरीर की संरचना एवं चिकित्सा विज्ञान के अध्ययन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले देहदाता के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और चिकित्सा नैतिकता के पालन की शपथ ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के चेयरमैन अशोक कुमार भगत उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त डॉ. अनुपमा किंडो, डॉ. कैमिलिया चंदा पात्रा, डॉ. नवीन, डॉ. दीपक चौहान सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं कॉलेज के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा की प्रारंभिक अवस्था से ही मानवीय संवेदनाओं, नैतिक मूल्यों एवं पेशेवर जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था। मेडिकल शिक्षा में एनाटॉमी एवं विच्छेदन के माध्यम से मानव शरीर की संरचना का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करना चिकित्सक बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रक्रिया में देहदाता का योगदान अत्यंत अमूल्य होता है, क्योंकि उनकी देह चिकित्सा के भावी चिकित्सकों के लिए ज्ञान का आधार बनती है।
इस शपथ के माध्यम से विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे कैडेवर को केवल अध्ययन का माध्यम नहीं, बल्कि एक महान देहदान एवं मानवता की अमूल्य विरासत के रूप में सम्मान देंगे। वे मानव शरीर की गरिमा बनाए रखेंगे तथा चिकित्सा शिक्षा और भविष्य के पेशेवर जीवन में नैतिकता, संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं मानवीय मूल्यों का पूर्ण पालन करेंगे।
यह समारोह बी आईएमएसआर के लिए एक विशेष एवं ऐतिहासिक अवसर रहा, क्योंकि संस्थान में पहली बार कैडेवर शपथ समारोह का आयोजन किया गया। इस पहल के माध्यम से कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, संवेदना और नैतिक जिम्मेदारी को भी समान महत्व देने का संदेश दिया।

