विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस,राज्यपाल ने उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति को किया सम्मानित

रांची: झारखंड विधानसभा का 26वां स्थापना दिवस रविवार को विधानसभा परिसर में समारोहपूर्वक मनाया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मझगांव के विधायक निरल पूर्ति को भगवान बिरसा मुंडा उत्कृष्ट विधायक सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। अलग राज्य के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। झारखंड की पहचान इसकी प्राकृतिक संपदा और जनजातीय संस्कृति से है। विधानसभा लोकतंत्र का पवित्र स्थल है, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सार्थक संवाद होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2050 तक झारखंड विकसित राज्य बनेगा। जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें वोट देने और नहीं देने वाले सभी लोगों का समान सम्मान करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और पीढ़ियों के संघर्ष से झारखंड राज्य का निर्माण हुआ है। शहीदों के बलिदान को याद रखते हुए सदन की जिम्मेदारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि पांचवीं विधानसभा में कुल 118 बैठकें हुईं। वर्ष 2025 में 31 बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सबसे बड़ा मंदिर है। सरकार ने पिछले पांच वर्षों में शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी गरीबी और बेरोजगारी बड़ी चुनौती हैं। इस पर आत्ममंथन की जरूरत है। वहीं संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा को परिपक्व लोकतांत्रिक संस्था बताया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद निरल पूर्ति ने पुरस्कार मझगांव की जनता, युवाओं और किसानों को समर्पित किया। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा सदन में जनता की आवाज उठाने का संकल्प लिया। समारोह में विधानसभा कर्मियों और 17 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही विधानसभा की पत्रिका ‘उड़ान’ के 104वें संस्करण और विधानसभा की कार्यप्रणाली पर आधारित पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *