12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत,तैयारी को लेकर हुई बैठक
खूंटी: झारखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार दिनांक 12 दिसम्बर को खूंटी व्यवहार न्यायालय में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाना है। इसके सफल आयोजन को लेकर शनिवार दिनांक को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार रसिकेश कुमार की अध्यक्षता में एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायिक पदाधिकारीगण के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, नीलाम पत्र पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी तथा पुलिस, उत्पाद, वन, बैंक एवं नगर पंचायत के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि लोक अदालत आम लोगों को निःशुल्क, सुलभ एवं शीघ्र न्याय दिलाने का एक प्रभावी माध्यम है। यहाँ मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से होता है, जिससे किसी की हार नहीं होती और आपसी संबंध भी बने रहते हैं। लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है और इसके विरुद्ध कोई अपील नहीं होती। उन्होंने सभी विभागों से आह्वान किया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए सभी एकजुट होकर ठोस प्रयास करें।
बैठक में विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सभी विभाग अपने यहाँ लंबित सुलहनीय मामलों की पहचान कर समय रहते सूची तैयार करें तथा संबंधित पक्षकारों को नोटिस का तामिला सुनिश्चित करें। बैंकों को ऋण से जुड़े मामलों में पक्षकारों को समझौते के लिए उचित रियायत देने, पुलिस को नोटिस तामिला एवं सुलहनीय आपराधिक मामलों में सहयोग करने, उत्पाद एवं वन विभाग को अपने छोटे आपराधिक मामलों को चिह्नित करने, नगर पंचायत को वाटर एवं होल्डिंग टैक्स के मामलों को लाने तथा अनुमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता एवं नीलाम पत्र पदाधिकारी को राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों एवं सर्टिफिकेट केसों को अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में प्रस्तुत करने को कहा गया।
यह भी बताया गया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए समझौता पूर्व बैठकें (प्री-कॉन्सिलिएशन सिटिंग्स) दिनांक 12 अक्टूबर 2026 से ही न्यायालयों एवं स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रारंभ हो चुकी हैं, जो दिनांक 11 दिसम्बर 2026 तक जारी रहेंगी। पक्षकार इन बैठकों में उपस्थित होकर अपने मामलों को सूचीबद्ध करा सकते हैं। मुख्य राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 दिसम्बर 2026 को पूर्वाह्न 10:30 बजे से व्यवहार न्यायालय, खूँटी में आयोजित होगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस, सुलहनीय प्रकृति के फौजदारी मामले, सभी प्रकार के दीवानी मामले, मोटर दुर्घटना मुआवजा, विद्युत अधिनियम, पारिवारिक वाद, राजस्व न्यायालय, उपभोक्ता संरक्षण फोरम एवं सर्टिफिकेट केस, श्रम एवं न्यूनतम मजदूरी वाद तथा माप-तौल, वन, उत्पाद एवं ट्रैफिक चालान से जुड़े छोटे आपराधिक मामलों का निष्पादन किया जाएगा। इसके साथ ही बैंक ऋण, नन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी, बी.एस.एन.एल., वाटर एवं होल्डिंग टैक्स, बिजली, बीमा दावे, श्रम, भूमि अधिग्रहण, मोटर दुर्घटना मुआवजा, पारिवारिक विवाद एवं सर्विस से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों का भी निपटारा किया जाएगा।
आम जनता से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों का आपसी सहमति से निपटारा कराएँ।

