मनिका में विकास को मिलेगी नई गति, ₹1.31 करोड़ की लागत से बनेंगी 38 दुकानें…
लातेहार : जिले के मनिका प्रखंड में विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा छोटे कारोबारियों को व्यवस्थित व्यावसायिक स्थल प्रदान करने के उद्देश्य से जिला परिषद, लातेहार के माध्यम से ₹1 करोड़ 31 लाख की लागत से कुल 38 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा।*
आज मनिका में दो अलग-अलग स्थानों पर प्रस्तावित दुकानों के निर्माण कार्य का शिलान्यास मनिका विधायक श्री रामचंद्र सिंह के द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती पूनम देवी , उप विकास आयुक्त श्री सैय्यद रियाज अहमद , जिला परिषद सदस्य श्री बलवंत सिंह (मनिका पश्चिमी), श्रीमती सनपतिया देवी (मनिका पूर्वी), प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री संदीप कुमार, अंचल अधिकारी श्री अमन कुमार एवं जिला सांसद प्रतिनिधि श्री अमलेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें। दाल-भात केंद्र के समीप ₹77 लाख की लागत से 14 दुकानों तथा लैम्प्स दुकान के समीप ₹54 लाख की लागत से 24 दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। इस प्रकार दोनों योजनाओं पर कुल ₹1.31 करोड़ की राशि व्यय की जाएगी।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
दुकानों के निर्माण से मुख्य सड़क के किनारे व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार होगा। स्थानीय छोटे दुकानदारों एवं कारोबारियों को अपना व्यवसाय संचालित करने के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। वहीं क्षेत्र के युवाओं एवं अन्य इच्छुक लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।
उल्लेखनीय है कि मनिका क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता रहा है। अब क्षेत्र में हो रहे आधारभूत संरचना के विकास एवं व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार से विकास की नई संभावनाएं आकार ले रही हैं। यह पहल मनिका को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


