लंबित छात्रवृत्ति को लेकर छात्रों का हंगामा, अल्बर्ट एक्का चौक किया जाम; मंत्री चमरा लिंडा के इस्तीफे की मांग

रांची: राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर बुधवार को लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान की मांग को लेकर छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्रों ने छात्रवृत्ति का भुगतान अविलंब करने अथवा विभागीय मंत्री चमरा लिंडा के इस्तीफे की मांग करते हुए चौक को घंटों जाम रखा। इस दौरान राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। छात्रों के प्रदर्शन के कारण शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अल्बर्ट एक्का चौक पर सड़क जाम होने से सुजाता चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रमुख सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। कार्यालय जाने वाले लोगों और राहगीरों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जबरन हटाया।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने मीडिया को बताया कि राज्य सरकार को विद्यार्थियों के भविष्य की कोई चिंता नहीं है। अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के छात्रों की छात्रवृत्ति कई महीनों से लंबित है। इसके कारण आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई जारी रखने में परेशानी हो रही है। कई छात्र आर्थिक तंगी के कारण पार्ट टाइम काम कर पढ़ाई का खर्च उठाने को मजबूर हैं।
छात्रों का आरोप है कि अपनी समस्याओं को लेकर जब वे विभागीय मंत्री चमरा लिंडा के पास पहुंचते हैं, तो उनसे मुलाकात नहीं हो पाती। मुलाकात होने पर भी केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन भुगतान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जाती।
छात्र संगठन एआईएसएफ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए चेतावनी दी कि जब तक लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *