राज्य के पांच जिलों में हवाई नेटवर्क का होगा विस्तार ,जिसमें बोकारो भी शामिल

बोकारो : झारखंड में सड़क, रेल और औद्योगिक विकास के बाद अब हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार पर नजरें टिक गई हैं। राज्य की स्थापना के 26 साल पूरे होने के साथ छोटे शहरों को भी विमान सेवा से जोड़ने की उम्मीद बढ़ी है।फिलहाल रांची और देवघर राज्य में हवाई यात्रा के प्रमुख केंद्र हैं, लेकिन आने वाले समय में बोकारो, धनबाद, दुमका, चाईबासा और डालटनगंज जैसे शहर भी हवाई नेटवर्क का हिस्सा बन सकते हैं। केंद्र सरकार की नई उड़ान योजना से इन शहरों में विमान सेवा शुरू करने की संभावनाओं को बल मिला है। हालांकि, सभी शहरों में उड़ान शुरू करने की तैयारी अलग-अलग चरणों में है।
बोकारो और डालटनगंज में विमान परिचालन शुरू करने की दिशा में नागर विमानन मंत्रालय ने राज्य सरकार से योजना मांगी है। इससे इन दोनों शहरों में हवाई सेवा शुरू करने की संभावनाओं को लेकर चर्चा तेज हुई है। वहीं, धनबाद, दुमका और चाईबासा को भी क्षेत्रीय विमानन नेटवर्क से जोड़ने की उम्मीद है।अब राज्य सरकार की तैयारी, हवाई अड्डों का बुनियादी ढांचा और जरूरी मंजूरियां तय करेंगी कि इन शहरों में उड़ान सेवा कब शुरू हो पाती है।झारखंड के इन पांच शहरों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने का सबसे बड़ा लाभ उद्योग और कारोबार को मिल सकता है।बोकारो इस्पात उद्योग का प्रमुख केंद्र है, जबकि धनबाद कोयला और खनन गतिविधियों के लिए जाना जाता है। यहां विमान सेवा शुरू होने से उद्योगपतियों, निवेशकों और कारोबारियों की आवाजाही आसान हो सकती है।इससे व्यावसायिक यात्राओं में लगने वाला समय भी कम होगा। दुमका में हवाई संपर्क बेहतर होने से संताल परगना के लोगों को फायदा मिल सकता है।वहीं, चाईबासा और डालटनगंज के लोगों को इलाज, शिक्षा, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए लंबी दूरी तय कर बड़े शहरों के एयरपोर्ट तक पहुंचने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
नई उड़ान योजना से छोटे शहरों को जोड़ने की तैयारी
केंद्र सरकार की संशोधित उड़ान योजना का उद्देश्य देश के छोटे शहरों और दूरदराज के क्षेत्रों को हवाई संपर्क उपलब्ध कराना है।योजना के तहत अगले दस वर्षों में 120 नए गंतव्यों को विमानन नेटवर्क से जोड़ने और करीब चार करोड़ यात्रियों को हवाई यात्रा की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए क्षेत्रीय हवाई अड्डों के विकास, छोटे विमानों के परिचालन और हवाई संपर्क से वंचित क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। झारखंड जैसे राज्य के लिए यह योजना खास महत्व रखती है, जहां खनिज संपदा, उद्योग, पर्यटन और धार्मिक स्थलों की व्यापक संभावनाएं हैं। छोटे शहरों में हवाई सेवा शुरू होने से राज्य के प्रमुख आर्थिक केंद्रों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में मदद मिल सकती है।रांची और देवघर के बाद अब छोटे शहरों की बारी?
वर्तमान में रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट राज्य का प्रमुख विमानन केंद्र है। यहां से देश के कई बड़े शहरों के लिए नियमित उड़ानें संचालित होती हैं।देवघर एयरपोर्ट ने भी राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार दिया है।अब पांच अन्य शहरों को जोड़ने की पहल सफल होती है, तो राज्य के अधिक क्षेत्रों के लोगों को हवाई यात्रा का विकल्प मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *