छठ का पहला अर्घ्य आज ,डूबते सूर्य को व्रती देंगे अर्घ्य, सूर्य को दूध और जल से देंगे अर्घ्य अर्पित
Ranchi : महापर्व छठ। चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का आज 15 नवंबर को तीसरा दिन है। आज व्रती अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को पहला अर्घ्य देंगी। इस अवसर पर व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखते हैं और शाम को नदी, तालाब में पहुंचकर भगवान सूर्य की आराधना करती है। शाम के समय डूबते सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य अर्पित किया जाता है।इस दौरान व्रती पारंपरिक रूप से सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाकर सूर्य देव की उपासना करते हैं। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए तांबे के लोटे का इस्तेमाल भी किया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जल में दूध मिलाकर सूर्य देव को अर्घ्य देना शुभ माना जाता है।मान्यता है कि अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है। इससे संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की जाती है।



