बाबूलाल मरांडी पहले अपने आरोपों के पीछे की राजनीति और तथ्यों का जवाब दें: राकेश सिन्हा
रांची: प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी को कानून, महिला सुरक्षा और नाबालिगों के अधिकारों की चिंता कम और कांग्रेस विधायक को राजनीतिक रूप से बदनाम करने की बेचैनी ज्यादा दिखाई दे रही है। गंभीर आरोपों की आड़ में राजनीतिक चरित्र हनन करना और एक नाबालिग बच्ची को राजनीतिक बयानबाजी का हथियार बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी सबसे पहले जनता को यह बताएं कि आखिर वह नाबालिग बच्ची उनसे कहां मिली? उसे उनसे किसने मिलवाया? किसकी पहल पर एक संवेदनशील मामले को राजनीतिक मंच और मीडिया की सुर्खियों तक पहुंचाया गया? क्या नेता प्रतिपक्ष को यह जानकारी नहीं है कि नाबालिग की पहचान, चेहरा या उसकी निजता उजागर करना कानूनन गंभीर मामला है? एक संवेदनशील मामले में नाबालिग की पहचान सार्वजनिक करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग बाबूलाल मरांडी क्यों नहीं कर रहे हैं?
उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को यह समझना चाहिए कि किसी भी व्यक्ति पर आरोप लग जाना उसे दोषी साबित नहीं करता। भूषण बाड़ा से जुड़े मामले में कानून अपना काम करेगा। निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। लेकिन जांच पूरी होने से पहले राजनीतिक अदालत लगाकर किसी को अपराधी घोषित करने का अधिकार बाबूलाल मरांडी को किसने दिया?
राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी को अगर वास्तव में महिला सुरक्षा और न्याय की इतनी ही चिंता है, तो उन्हें अपनी राजनीतिक बयानबाजी से पहले तथ्यों की पुष्टि करनी चाहिए। चुनिंदा मामलों पर आंसू बहाना और राजनीतिक सुविधा के अनुसार महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाना भाजपा की दोहरी राजनीति को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि गम्हरिया थाना और होटवार जेल से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस किसी भी दोषी को बचाने के पक्ष में नहीं है। लेकिन बाबूलाल मरांडी इन मामलों को एक साथ जोड़कर कांग्रेस विधायक को घेरने की राजनीतिक पटकथा लिख रहे हैं। कानून और जांच एजेंसियों को अपना काम करने दीजिए, राजनीतिक दबाव और मीडिया ट्रायल से न्याय प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश मत कीजिए।
राकेश सिन्हा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी पहले इन सवालों का जवाब दें कि नाबालिग बच्ची तक उनकी पहुंच कैसे हुई, उसे उनसे किसने मिलवाया और जांच से पहले ही राजनीतिक निष्कर्ष निकालने की इतनी जल्दबाजी क्यों है? महिला सुरक्षा के नाम पर राजनीति बंद कीजिए। नाबालिग बच्ची को राजनीतिक हथियार बनाना बंद कीजिए। न्याय की चिंता है तो कानून का सम्मान कीजिए, न कि उसे अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा का औजार बनाइए।



