राज्य स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक चलेगा राज्यव्यापी ‘रोजगार सृजन अभियान’

​रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विकसित भारत – जी राम जी (VB-GRAMG) अंतर्गत राज्य के सभी जिलों में दिनांक 15 से 28 नवंबर 2026 तक राज्यव्यापी ‘रोजगार सृजन अभियान’ चलाया जाएगा।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वृहत पैमाने पर अधिकतम मानव दिवस (Person Days) सृजित कर ग्रामीण परिवारों व इच्छुक श्रमिकों को मांग के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है, ताकि गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ ग्रामीणों की आजीविका सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा सके।
अभियान का शुभारंभ एवं व्यापक जन-जागरूकता*
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा 2026 के दौरान ‘रोजगार सृजन अभियान’ का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही, VB-GRAMG योजना से संबंधित व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जागरूकता हेतु ग्राम पंचायतों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसमें योजना के प्रमुख प्रावधानों—जैसे 125 दिनों का रोजगार, महिलाओं की भागीदारी, ससमय मजदूरी भुगतान, ₹300/- की दैनिक मजदूरी दर तथा मुख्य अनुमेय कार्यों आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत भवनों में दो से तीन विशेष काउंटर लगाकर ग्रामीणों को योजना की जानकारी देने के साथ व्यक्तिगत एवं सामुदायिक योजनाओं के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
​विशेष ग्राम सभा, योजना स्वीकृति एवं स्थल भ्रमण
अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायत भवनों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन कर श्रमिकों से काम के आवेदन एवं रोजगार गारंटी कार्ड के आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, साथ ही लंबित कार्ड निर्गत करने, आधार सत्यापन पूर्ण करने और शिकायत निवारण का कार्य होगा। मांग और प्राथमिकता के आधार पर बिरसा हरित ग्राम योजना, आंगनबाड़ी केंद्र (AWC), सिंचाई कूप, जीएसबी रोड (GSB Road), नाला पुनर्जीवन, स्टैगर्ड कंटूर ट्रेंच (Staggered Contour Trench) तथा Dry Borewell Recharge Pit जैसी अनुमेय योजनाओं को त्वरित तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर धरातल पर आरंभ कराया जाएगा। विशेष रूप से ऐसे गाँव जहाँ अब तक परिसंपत्ति निर्माण नगण्य रहा है, वहाँ योजनाओं की शुरुआत सुनिश्चित की जाएगी।
​उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों, श्रमिकों व मेट को सम्मान
अभियान के समापन अवसर पर सभी ग्राम पंचायत भवनों में विगत वित्तीय वर्ष में योजना अंतर्गत 100 दिनों का कार्य पूर्ण करने वाले मजदूरों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले मेट को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, प्रत्येक रोजगार गारंटी कार्डधारी के लिए VB-GRAMG संबंधी क्विज प्रतियोगिता आयोजित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा तथा जिले, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों व पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। वहीं, राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो जिलों को अधिकतम रोजगार सृजन तथा अधिकतम योजनाओं की स्वीकृति की दो श्रेणियों में विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
​यह पहल जन-भागीदारी और विभागीय समन्वय से गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को गति देते हुए राज्य को आत्मनिर्भरता एवं समृद्धि की ओर अग्रसर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *